राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने से गदगद महिला कांग्रेस की आंध्रप्रदेश इकाई ने सोनिया गांधी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारतरत्न से नवाजे जाने की मांग की है।
पार्टी मुख्यालय गांधीभवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मलेन में राज्य महिला कांग्रेस अध्यक्ष गंगा भवानी ने कहा कि उन्होंने अपनी मांग के बारे में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को फैक्स से सूचित कर दिया है और एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही उनसे मिलकर इस मांग को उनके समक्ष रखेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए समर्पित है, अब महिलाओं के लिए संवैधानिक निकायों में आरक्षण का प्रावधान होने से महिलाओं की समस्याओं का निराकरण आसानी से संभव हो सकेगा। महिला कांग्रेस महासचिव टी वेंकटारत्नम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गांधी ने देश की महिलाओं को संवैधानिक निकायों में 33 प्रतिशत आरक्षण को तोहफा दिया है।
समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल के सांसदों के सदन में किए विरोध की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों के आने में महिलाओं के वोटों का भी योगदान रहा है लेकिन इनकी महिलाओं के प्रति कोई प्रतिबद्धता नहीं है। इस मौके पर पार्टी मुख्यालय में पटाखे छोडे़ गए और मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया।



LinkBack URL
About LinkBacks
Reply With Quote